खेल

विराट कोहली ने रचा नया कीर्तिमान, IPL में जड़ा 9वां शतक, बनाए कई रिकॉर्ड्स

डेस्कः क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर ‘रन मशीन’ विराट कोहली के नाम का तूफान आया है। आईपीएल 2026 के 57वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ बल्ले से ऐसी आग उगली कि इतिहास के पन्ने फिर से लिख दिए गए। पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट होने के गम को भुलाते हुए कोहली ने रायपुर के मैदान पर ‘शतकीय बम’ फोड़ा और टीम को शानदार जीत दिलाई।
पुराने तेवर में नजर आए कोहली
मैदान पर उतरते ही कोहली पुराने तेवर में नजर आए। उन्होंने महज 60 गेंदों में 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 105 रनों की धुआंधार पारी खेली। कोहली की इस ‘विराट’ पारी की बदौलत आरसीबी ने 193 रनों का लक्ष्य 19.1 ओवर में ही हासिल कर लिया और 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। यह कोहली का आईपीएल में 9वां और टी-20 क्रिकेट में 10वां शतक है।
14 हजारी बनकर रचा नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
कोहली ने इस पारी के साथ ही विश्व क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित कर दी है। वह टी-20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों (409) में 14 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं,। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल (423 पारी) और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (431 पारी) को भी पीछे छोड़ दिया है।
बने टी-20 के असली ‘शतकवीर’
इस शतकीय पारी के साथ ही 37 वर्षीय कोहली टी-20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने अभिषेक शर्मा (9 सेंचुरी) का रिकॉर्ड तोड़कर यह मुकाम हासिल किया। अब टी-20 के सबसे छोटे फॉर्मेट में 10 या उससे अधिक शतक लगाने वाले वह दुनिया के चुनिंदा चार खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
आईपीएल के सबसे ‘अनुभवी’ खिलाड़ी
रिकॉर्ड्स का सिलसिला यहीं नहीं थमा। कोहली आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले क्रिकेटर भी बन गए हैं। केकेआर के खिलाफ यह उनका 279वां मुकाबला था, जिसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा (278) को पीछे छोड़ दिया है। साल 2008 से आरसीबी का हिस्सा रहे कोहली आज भी उसी ऊर्जा के साथ मैदान पर अपना लोहा मनवा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *