डेस्क:मंगलवार शाम पंजाब के जालंधर जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीमा सुरक्षा बल (BSF) चौक के पास एक स्कूटर अचानक आग के गोले में तब्दील हो गया। यह घटना रात करीब 8 बजे बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के ठीक बाहर हुई, जो अमृतसर-दिल्ली राजमार्ग को जोड़ने वाला एक व्यस्त मार्ग है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय सड़क पर सामान्य आवाजाही थी। अचानक एक एक्टिवा स्कूटर में आग लग गई, जिसे देख राहगीरों में डर फैल गया। स्थानीय निवासियों और चश्मदीदों का दावा है कि उन्होंने वाहन से धमाके जैसी आवाज सुनी थी, जिसके बाद लपटें और तेज हो गई थीं। पुलिस ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ है और इलाके को घेर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि स्कूटर में आग कैसे लगी। इस बीच विपक्षी दलों ने जालंधर में हुए धमाके को लेकर आप सरकार पर हमला बोल दिया। पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा, प्रथम दृष्टया, यहां (जालंधर में) खड़ी एक एक्टिवा (स्कूटर) में आग लग गई। हम अभी मौके पर तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं। उस समय इलाके में पुलिस की एक गश्ती टीम मौजूद थी। एक सवाल के जवाब में कौर ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कोई धमाका हुआ है।

