
डेस्क : उत्तर प्रदेश के रामपुर में मंगलवार को 2007 के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात खजुरिया थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ अपने बेटे के साथ दोपहिया वाहन से जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। हमलावरों की तलाश में पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। मोहम्मद शरीफ अपने बेटे के साथ थाने में हाजिरी लगाने गया था। शाम करीब 6:30 बजे शरीफ बाइक से घर लौट रहा था। बाइक बेटा चला रहा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने शरीफ की कनपटी और पेट पर गोली मार दी और फरार हो गए। पिता को गोली लगते देख 22 साल का बेटा सदमे में आ गया और गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा।
रामपुर में 2007 में हुए CRPF कैंप हमले में 7 जवानों और एक रिक्शाचालक की मौत हुई थी। इस मामले में रामपुर कोर्ट ने मोहम्मद शरीफ को फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आर्म्स एक्ट को छोड़कर आतंकी केस में बरी कर दिया था। एक साल पहले आज ही के दिन यानी 10 नवंबर को वह जेल से छूटा था। गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए हमले में आठ लोगों की मौत हुई थी, जिनमें सात सीआरपीएफ जवान और एक रिक्शा चालक शामिल थे। पांच लोग घायल भी हुए थे। इस मामले में वर्ष 2019 में निचली अदालत ने मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों को मृत्युदंड सुनाया था। अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या, आतंकवाद और साजिश के आरोपों से उसे बरी कर दिया था, हालांकि प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत 10 साल की सजा बरकरार रखी थी। नवंबर 2025 में शरीफ जेल से रिहा हुए थे। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।


