दरभंगा

छठ महापर्व को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति सदस्यों के साथ हुई बैठक

 

 

सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की रहेगी पुख्ता व्यवस्था

खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग एवं लाल झंडे से किया जाएगा चिह्नित

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध होगी कठोर कार्रवाई

छठ घाटों पर पुलिस बल, महिला पुलिस एवं गोताखोरों की रहेगी तैनाती

 

 

 

दरभंगा, 10 नवम्बर 2026 :- समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 14 नवंबर को छठ पूजा (खरना) तथा 15 एवं 16 नवंबर को छठ महापर्व मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

 

सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की व्यवस्था, प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का कार्य संबंधित विभागों के माध्यम से कराया जा रहा है।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी छठ घाटों पर छठ व्रतियों की सुविधा के लिए कपड़े बदलने हेतु चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर ब्लीचिंग पाउडर एवं चूना का पर्याप्त मात्रा में छिड़काव कराया जा रहा है।

 

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए।

 

उन्होंने सभी चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थलों पर छठ गीत बजाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया,ताकि जिले में आने वाले श्रद्धालुओं को छठ महापर्व का भक्तिमय एवं उत्सवी वातावरण महसूस हो सके।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन छठ घाटों पर पानी अधिक गहरा है अथवा जहां किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका है, उन्हें पूर्व से चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराई जाए तथा लाल झंडे लगाकर खतरे वाले स्थानों को स्पष्ट रूप से इंगित किया जाए। सभी छठ घाटों पर पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निगम को दिया गया।

 

उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूरी श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जल रड्डी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बाइक गश्ती दल, क्विक रिस्पांस टीम (QRT), नियमित गश्ती दल, दंगा पार्टी, जिला पुलिस बल एवं प्रशिक्षु पुलिस बल के माध्यम से लगातार गश्ती कराई जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध है तथा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

प्रमुख छठ घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही साइबर सेल के माध्यम से सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक संदेश प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात डीएसपी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि छठ घाटों के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

 

बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा छठ महापर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। सदस्यों ने छठ घाटों पर महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा विशेष रूप से सुबह 04:00 बजे से 07:00 बजे तक पुलिस बल की लगातार चौकसी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

 

इसके अतिरिक्त विभिन्न पोखरों एवं छठ घाटों की समुचित साफ-सफाई, जलकुंभी हटाने, पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर एवं चूना का छिड़काव कराने, खतरनाक घाटों को लाल झंडे से चिह्नित करने तथा गहरे पानी वाले घाटों पर बैरिकेडिंग कराने का सुझाव दिया गया।

 

सदस्यों ने नदी एवं गहरे जल वाले छठ घाटों पर एनडीआरएफ की टीम एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति, छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को मोटरेबल बनाने, प्राथमिक उपचार हेतु फर्स्ट एड किट की व्यवस्था करने तथा घाटों पर चलंत शौचालय एवं पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

 

इसके साथ ही बिजली के लटके हुए तारों को दुरुस्त करने, ग्रामीण क्षेत्रों के छठ घाटों की भी विशेष साफ-सफाई कराने, छठ व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने तथा डीएमसीएच में चिकित्सकों को अलर्ट मोड में रखने का सुझाव दिया गया। सदस्यों ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया।

 

बैठक में माननीय महापौर श्रीमती अंजुम महारा ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था एवं श्रद्धा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम द्वारा छठ घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। सभी संबंधित स्थलों पर ब्लीचिंग पाउडर एवं चूना का छिड़काव कराया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि नगर निगम के पास पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर एवं चूना उपलब्ध है तथा सभी आवश्यक सामग्रियों को संबंधित स्थलों पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

उन्होंने आश्वस्त किया कि छठ महापर्व से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएंगी।

 

जिला प्रशासन द्वारा सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे छठ महापर्व के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें। गहरे पानी वाले एवं खतरनाक चिह्नित घाटों पर जाने से बचें तथा बच्चों को जलाशयों के किनारे अकेला न छोड़ें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को दें।

 

जिला प्रशासन सभी संबंधित विभागों एवं शांति समिति के सदस्यों के सहयोग से छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

इस अवसर पर उप महापौर श्रीमती नाजिया हसन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री राजीव कुमार सहित शांति समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *