राष्ट्रीय

फर्जी आबकारी अधिकारी बनकर ट्रक रोका, चालक से मारपीट; आक्रोशित लोगों ने किया थाने का घेराव

डेस्क: धार जिले के कुक्षी-सुसारी मार्ग पर रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। खुद को आबकारी विभाग का अमला बताकर बदमाशों ने एक अनाज से भरे ट्रक को रोका और चालक व उसके साथियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। घटना के विरोध में जयस संगठन के नेतृत्व में पीड़ितों ने रातभर थाने का घेराव किया।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात करीब 12 बजे की है। अनाज से भरे एक ट्रक को तीन बोलेरो वाहनों में सवार करीब 20-25 लोगों ने बीच रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने खुद को आबकारी चैकिंग दल का मैनेजर और अधिकारी बताते हुए ट्रक की तलाशी लेने की बात कही। जब ट्रक चालक ने विरोध किया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। जिन बोलेरो वाहनों से ये लोग आए थे, उनमें से दो पर नंबर प्लेट तक नहीं थी।

ट्रक चालक द्वारा सूचना दिए जाने पर जब ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो पकड़े जाने के डर से अधिकांश हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से तीनों बोलेरो वाहनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया है। इधर पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद वे रात 2 बजे तक थाने में कार्रवाई का इंतजार करते रहे लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित होकर जयस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविराज बघेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में शराब माफियाओं और लुटेरों के हौसले बुलंद हैं और बिना नंबर की गाड़ियां खुलेआम घूम रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *