डेस्क: जिले में एक शादी समारोह के बीच चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। घटना ब्यौहारी क्षेत्र की है, जहां शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और रस्में भी विधि-विधान से शुरू हो गई थीं, लेकिन जयमाला के समय अचानक घटनाक्रम बदल गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात गोहपारू से बारात बड़े ही धूमधाम से ब्यौहारी पहुंची थी। बारातियों का खूब स्वागत-सत्कार किया गया और पारंपरिक तौर-तरीकों से दौर-चार की रस्में भी पूरी की गईं। माहौल खुशियों से भरा था और दोनों पक्षों में उत्साह साफ नजर आ रहा था।
जब जयमाला की रस्म शुरू हुई, दूल्हा और दुल्हन दोनों मंच पर पहुंचे। दूल्हे ने दुल्हन को जयमाला पहनाई लेकिन जब दुल्हन की बारी आई तो वह कुछ देर तक दूल्हे को गौर से देखती रही और बिना जयमाला पहनाए ही मंच से उतर गई। इस अचानक फैसले से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मंच से उतरने के बाद जब परिजनों ने दुल्हन से कारण पूछा तो उसने साफ कहा कि जिसे मैंने देखा था, यह वह दूल्हा नहीं है। दुल्हन के इस बयान से दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। लड़की के परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और थाने बुलाया। वहां दोनों पक्षों ने लिखित में सहमति दी कि दुल्हन शादी नहीं करना चाहती और वे आपसी सहमति से समारोह समाप्त कर रहे हैं।
आखिरकार यह शादी बिना परिणय के ही समाप्त हो गई और गोहपारू से आई बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा। लड़की पक्ष सतना जिले का बताया जा रहा है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि जयमाला के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को माला नहीं पहनाई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी। बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से कार्यक्रम समाप्त करने का निर्णय लिया और बिना किसी विवाद के अपने-अपने घर लौट गए।

