डेस्क: उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया आर्ट्स कॉलेज में इन दिनों एक गिलहरी का खौफ छाया हुआ है. आमतौर पर शांत और मासूम समझी जाने वाली यह गिलहरी बीते एक महीने में 18 से अधिक लोगों पर हमला कर चुकी है, जिससे छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज स्टाफ भी दहशत में है. स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि छात्र अब कॉलेज परिसर के बाहर खुले मैदान में बैठने से भी कतराने लगे हैं.
कॉलेज स्टाफ के अनुसार, यह गिलहरी अचानक लोगों पर झपट्टा मार देती है और कई लोगों को काट चुकी है. इसके कारण पूरे परिसर में डर का माहौल बन गया है. हालत यह है कि अब लोग सामान्य गिलहरियों से भी घबराने लगे हैं. जिन लोगों को इस गिलहरी ने काटा है, उन्हें डॉक्टरों की सलाह पर रेबीज के इंजेक्शन दिए जा रहे हैं.

