डेस्क:पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के बाद चुनावी शुचिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग (EC) दक्षिण 24 परगना जिले की चार विधानसभा सीटों के 77 बूथों पर दोबारा मतदान (Re-polling) कराने की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इन बूथों पर EVM से छेड़छाड़ और डराने-धमकाने जैसी गंभीर शिकायतें मिली हैं। ये मांगें 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के बाद सामने आई हैं। चुनाव आयोग को फाल्टा से दोबारा मतदान की 32 शिकायतें मिलीं, इसके बाद डायमंड हार्बर (29), मगराहाट (13) और बज-बज से तीन शिकायतें मिलीं। दोबारा मतदान की मांगें आम तौर पर राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों, पोलिंग एजेंटों या पर्यवेक्षकों द्वारा की जाती हैं। वे इसके लिए EVM में खराबी, बूथ पर कब्ज़ा, डराना-धमकाना या मतदान की गोपनीयता का उल्लंघन जैसी खास अनियमितताओं का हवाला देते हैं।

