अर्थ

शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 900 अंक उछला, निफ्टी 24,200 के पार

डेस्कः एशियाई बाजारों में तेजी के अनुरूप घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में भी बुधवार को बढ़त दर्ज की गई। विश्लेषकों का कहना है कि घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी ने भी बाजार को सहारा दिया जिससे गिरावट को रोकने में मदद मिली। बीएसई सेंसेक्स 901.00 अंक चढ़कर 77,787.91 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 285.90 अंक की बढ़त के साथ 24,281 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से मारुति, आईटीसी, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। वहीं टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.21 प्रतिशत गिरावट के साथ 111 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,103.74 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,712.01 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। सेंसेक्स मंगलवार को 0.54 प्रतिशत और निफ्टी 0.40 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *