डेस्क : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए अपनी 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. चयन समिति ने ट्रायल और खिलाड़ियों के पिछले प्रदर्शन का आकलन करने के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम की कमान सौंपी है. यह पहला मौका होगा जब वैभव बिहार की सीनियर टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे.
चयन समिति की बैठक 6 नवंबर 2026 को आयोजित की गई, जिसमें चेयरमैन हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय मौजूद रहे, जबकि चयनकर्ता एस. सरथ ने टेलीफोन के माध्यम से हिस्सा लिया. समिति ने 4 से 6 नवंबर तक हुए ट्रायल और खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद टीम का चयन किया. चयन सूची में वैभव सूर्यवंशी को कप्तान और सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है.
हाल के समय में बिहार क्रिकेट का सबसे चर्चित युवा चेहरा बन चुके वैभव सूर्यवंशी के सामने अब दोहरी जिम्मेदारी होगी. एक ओर उनसे रन बनाने की उम्मीद रहेगी, वहीं दूसरी ओर उन्हें टीम को बेहतर परिणाम दिलाने के लिए कप्तान के रूप में नेतृत्व भी करना होगा. सैयद मुश्ताक अली जैसे प्रतिष्ठित घरेलू टी20 टूर्नामेंट में यह उनके करियर की बड़ी परीक्षा मानी जा रही है.
बिहार की 17 सदस्यीय टीम
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तामिश अशरफ, तरुण कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), पृथ्वी राज, सूरज कश्यप, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, आनंद तड़ाव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह.


