दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने, रोजगार से जुड़ने एवं दिव्यांग बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए किया प्रेरित
दरभंगा 06 नवंबर 2026 :- माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार डॉ. श्वेता गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के बीच बैट्री चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर बैट्री चालित ट्राईसाइकिल एवं इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर को रवाना किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कुल 75 बैट्री चालित ट्राईसाइकिल एवं 16 इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर दिव्यांगजनों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ उनके दैनिक जीवन में स्वतंत्रता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर माननीय मंत्री ने उपस्थित दिव्यांगजनों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं जीवन की चुनौतियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने दिव्यांगजनों को अपनी क्षमता और प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की प्रतिभा, योग्यता एवं आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति में बाधा नहीं बननी चाहिए। दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से प्रत्येक व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
माननीय मंत्री ने विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अपने सपनों को साकार करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर दिव्यांगजनों को सम्मान, समान अवसर एवं स्वावलंबन का वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में माननीय सांसद दरभंगा डॉ. गोपाल जी ठाकुर, माननीय विधायक केवटी श्री मुरारी मोहन झा, माननीय विधान परिषद सदस्य श्री अनिल कुमार झा, माननीय जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस श्रीमती चांदनी सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री आशीष अमन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण एवं दिव्यांगजन उपस्थित थे।


