अंतरराष्ट्रीय

US : लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं, डोनाल्ड ट्रंप पर हमले पर बराक ओबामा ने जताई चिंता

डेस्क: अमेरिका (US) की राजधानी वॉशिंगटन (Washington) में आयोजित प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस घटना पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा (Barack Obama) ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र (Democracy) में हिंसा (Violence) के लिए कोई स्थान नहीं है।
ओबामा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने बयान में कहा कि अभी तक हमले के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम हिंसा को पूरी तरह अस्वीकार करें। उन्होंने इस दौरान अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों, खासकर सीक्रेट सर्विस के साहस और तत्परता की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि यह घटना उन अधिकारियों के बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा की याद दिलाती है, जो हर दिन देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। घायल एजेंट के जल्द स्वस्थ होने की भी उन्होंने कामना की।

सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से टली बड़ी घटना
यह घटना उस समय हुई जब कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि सभी प्रमुख हस्तियां सुरक्षित हैं। हालांकि, घटना के दौरान एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी घायल हो गया, जो हमलावर को रोकने की कार्रवाई में शामिल था।
व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष वेइजिया जियांग ने इस घटना को डरावना पल बताया और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी सूझबूझ से हजारों लोगों की जान बचाई जा सकी। अमेरिकी कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच के अनुसार, हमलावर ने कुछ गोलियां चलाईं, लेकिन वह सुरक्षा घेरे को पार नहीं कर सका और तुरंत काबू में कर लिया गया। पुलिस ने 31 वर्षीय आरोपी कोल टोमस एलन को हिरासत में ले लिया है, जिसने कथित तौर पर सुरक्षा चेकपॉइंट को पार करने की कोशिश की थी। घटना के बाद पूरे परिसर को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया और मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *