दरभंगा

फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाकर 15 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत पात्र किसानों की आईडी बनाने का लक्ष्य पूरा करें-डीएम

पंचायतवार कार्ययोजना तैयार कर किसानों को चिन्हित करने एवं लंबित आवेदनों के परिमार्जन का दिया निर्देश

 

दरभंगा, 16 सितम्बर 2026 :- जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में फार्मर रजिस्ट्री के प्रगति की समीक्षा को लेकर बहादुरपुर, केवटी, सिंहवाड़ा एवं दरभंगा प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं कृषि विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित प्रखंडों में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पीएम किसान योजना के सभी पात्र लाभुक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक मिल सके।

 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारियों एवं कृषि विभाग के कर्मियों को निर्देशित किया कि पीएम किसान के ऐसे लाभुक, जिनकी अभी तक फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बनी है, उन्हें पंचायतवार चिन्हित कर अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री कराया जाए।

 

उन्होंने प्रत्येक किसान सलाहकार को अपने क्षेत्र में किसानों को चिन्हित कर फार्मर रजिस्ट्री के लिए आवेदन कराने की जिम्मेदारी देने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान को फार्मर रजिस्ट्री कराने में किस प्रकार की समस्या आ रही है और उसका समाधान किस स्तर से किया जाना है, इसकी जानकारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी को होनी चाहिए।

 

 

बैठक में बताया गया कि समीक्षा किए गए चारों प्रखंडों में लगभग 24 हजार पीएम किसान लाभुक ऐसे हैं, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अभी बनाई जानी शेष है।

जिलाधिकारी ने इन सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर पंचायतवार कार्ययोजना तैयार कर किसानों को चिन्हित किया जाए तथा शत-प्रतिशत पात्र किसानों से फार्मर रजिस्ट्री के लिए आवेदन कराया जाए।

उन्होंने किसान सलाहकारों एवं कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों को पंचायत स्तर पर सक्रिय रहकर किसानों से संपर्क करने तथा उन्हें फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा।

 

उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों को फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित लंबित आवेदनों का समयबद्ध तरीके से परिमार्जन करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी जेनरेट की जा सके।

 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि 15 अक्टूबर 2026 तक जिले में शत-प्रतिशत पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने वरीय पदाधिकारी को पंचायतवार प्रगति की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा।

 

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतवार कार्ययोजना के अनुसार प्रतिदिन कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाए तथा पदाधिकारी स्वयं पंचायतों में जाकर फार्मर रजिस्ट्री कार्य का अनुश्रवण करें। साथ ही, किसानों को आवेदन करने, दस्तावेजों के सत्यापन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

 

बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

वहीं सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *