17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान,जिला स्तर पर पोलो मैदान में होगा कार्यक्रम
दरभंगा, 16 सितम्बर 2026 :-समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में ई. कुमार शैलेंद्र, माननीय मंत्री, पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, दरभंगा जिला की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान के सफल एवं व्यापक आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में माननीय मंत्री, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार सरकार श्री मदन सहनी, माननीय सांसद दरभंगा डॉ. गोपाल जी ठाकुर, माननीय विधायक नगर दरभंगा श्री संजय सरावगी, माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशिला गुप्ता, माननीय विधायक केवटी श्री मुरारी मोहन झा, माननीय विधायक बेनीपुर श्री विनय कुमार चौधरी, माननीय विधायक दरभंगा ग्रामीण श्री राजेश कुमार मंडल, माननीय विधायक गौड़ाबौराम श्री सुजीत कुमार, माननीय विधान पार्षद सदस्य श्री हरि सहनी, माननीय जिला परिषद अध्यक्ष, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सेवा संकल्प अभियान के आयोजन को लेकर की गई तैयारियों से सभी माननीय जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को बिंदुवार अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे राज्य में निर्धारित है। अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सेवा संकल्प अभियान के जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम में सभी प्रखंड स्तर के बीस सूत्री सदस्यों, जिला स्तर के बीस सूत्री सदस्यों तथा माननीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए, ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
माननीय प्रभारी मंत्री श्री कुमार शैलेंद्र ने सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा आम लोगों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।
माननीय विधायक नगर दरभंगा श्री संजय सरावगी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय स्तर पर भी सेवा संकल्प अभियान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्यालयों में चित्रांकन, भाषण प्रतियोगिता सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कराने तथा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करने का सुझाव दिया।
बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,आईसीडीएस को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीपीएम जीविका को भी व्यापक स्तर पर जीविका दीदी के माध्यम से दीप जलाकर कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया।
साथी दीप जलाकर सेल्फी भी खिंचवाने का निर्देश दिया और पोस्ट करने का निर्देश दिया।
जिला स्तर पर सेवा संकल्प अभियान का मुख्य कार्यक्रम पोलो मैदान, लहेरियासराय में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
माननीय सांसद दरभंगा डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, पीएम किसान योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया, ताकि अभियान के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा सके।
बैठक में उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन को लेकर अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल सहित जिला स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


