दरभंगा : जानकी नवमी के पावन अवसर पर कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के जनक नंदिनी महिला छात्रावास में भव्य कीर्तन सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने सामूहिक रूप से विभिन्न भजन एवं कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सायं 6:00 बजे श्रीमद्भगवद्गीता के पाठ से हुई, तत्पश्चात 6:30 से 7:00 बजे तक छात्राओं द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए।
इस कार्यक्रम का संयोजन छात्रावास अधीक्षिका डॉ. साधना शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जबकि सह-संयोजन छात्रावास उपाधीक्षिका डॉ. प्रीति रानी द्वारा किया गया। आयोजन विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रोफेसर पुरेन्द्र बारीक के द्वारा संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम कुलपति प्रोफेसर लक्ष्मी निवास पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 25 छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। प्रमुख रूप से आकांक्षा, साक्षी, नेहा, खुशबू, रजनी, प्रीति, गुंजन, सनफूला, पूजा, शारदा आदि छात्राएं उपस्थित रहीं।
विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. निशिकान्त सिंह ने बताया कि सम्पूर्ण आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम रहा।

