डेस्क: यूपी में बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) की टक्कर से दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाद में पुलिस ने यातायात बहाल कराया। उसने बताया कि रामसनेहीघाट के धरौली गांव निवासी अनूप (18), विमलेश (19), अनिल यादव (17) और गया प्रसाद (17) दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि चारों पड़ोस के बैसनपुरवा गांव के पास राजमार्ग पार कर रहे थे, तभी अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रहे तेज रफ्तार एसयूवी ने दोनों मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उसने बताया कि हादसे में अनूप, विमलेश और अनिल यादव की मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रसाद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भड़के ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक मोटरसाइकिल करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर दिया और एसयूवी चालक को पीटा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को ग्रामीणों से बचाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) सौरभ श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय विधायक सतीश चंद्र शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल किशोर को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया और बाद में वहां पहुंचकर उसका हालचाल जाना। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


