राष्ट्रीय

बिहार में बनेंगे 20 नए खेल परिसर, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य: सम्राट चौधरी

डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा है कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बिहार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से 20 नए खेल परिसर बनाए जा रहे हैं और भविष्य में राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

चौधरी ने रविवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर, पटना में 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। एक से चार नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। मुख्यमंत्री ने बिहार आए खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया तथा प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता में सफलता की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बिहार की धरती पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का बिहार में हार्दिक स्वागत है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत के पारंपरिक और लोकप्रिय खेलों में से एक है। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

चौधरी ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में बड़ी संख्या में पदक हासिल करते हैं। बिहार के खिलाड़ियों को भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *