राष्ट्रीय

मतदान के साथ बढ़ रहा सियासी तापमान, Tamil Nadu और West Bengal में कड़ी टक्कर

डेस्क:तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान के दौरान लोकतंत्र का व्यापक और जीवंत स्वरूप देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर मतदाताओं में उत्साह दिखाई दे रहा है वहीं दूसरी ओर सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप ने चुनावी माहौल को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है। तमिलनाडु की बात करें तो आपको बता दें कि सुबह सात बजे मतदान की शुरुआत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। राज्य भर के मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। सत्तारुढ़ दल द्रमुक और मुख्य विपक्ष अन्नाद्रमुक के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है, जबकि अभिनेता से नेता बने विजय के नेतृत्व वाला दल और सीमैन के नेतृत्व वाला दल भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश में हैं। कई प्रमुख नेताओं और हस्तियों ने सुबह ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अन्नाद्रमुक नेता ईके पलानीस्वामी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पी चिदंबरम, भाजपा उम्मीदवार तमिलिसाई सौंदरराजन और सीमैन ने अलग अलग स्थानों पर मतदान किया। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन, अभिनेता रजनीकांत और विजय ने भी अपने अपने मतदान केंद्रों पर वोट डाले। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और भाजपा नेता खुशबू ने भी मतदान में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *