अंतरराष्ट्रीय

इटली में 2 भारतीयों की हत्या, गोलियां मारकर भागा हमलावर

डेस्क: इटली (Italy) में गुरुद्वारे (Gurdwaras) के बाहर गोलियां मारकर 2 भारतीयों की हत्या कर दी गई है। आरोपी भी भारतीय ही बताया जा रहा है, जो दोनों लोगों को गोलियां मारने के बाद फरार हो गया। हमलावर की तलाश के लिए बरगमो शहर को सील करके सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अचानक फायरिंग होने से शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। इटली के ‘ला सिसिलिया’ अखबार के हवाले से डबल मर्डर की जानकारी मिली है। वारदात गत शुक्रवार रात को मध्य रात्रि से कुछ देर पहले अंजाम दी गई।

हमलावर ने की 10 राउंड फायरिंग

बरगमो शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में एक गोदाम में गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी बना हुआ है। इसके सामने स्थित चौक पर एक शख्स ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। गोलियां 2 भारतीयों को मारी गईं, जिनकी मौके पर ही मौत भी हो गई। फायरिंग की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। CCTV कैमरों को चेक करने पर पता चला कि हमलावर गोलियां मारकर फरार हो गया। दोनों मृतक भारतीय सिख समुदाय से हैं।

गुरुद्वारे से निकलते हुए मारी गोलियां

बता दें कि मृतकों की पहचान राजिंदर सिंह और गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने हमला होने और आरोपी को किसी वाहन में सवार होकर भागते हुए देखा। प्रत्यक्षदर्शियों ने ही फोन करके पुलिस को बताया और पुलिस को बताया कि राजिंदर और गुरमीत गुरुद्वारे से बाहर निकल रहे थे, जब उन्हें गोलियां मारी गईं। गोलियां एक और शख्स को लगीं, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी भी अकसर गुरुद्वारे में आता था और उसकी मृतकों से कहासुनी हुई थी।

मामूली कहासुनी में किया गया हमला

शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, गुरुद्वारे में शनिवार को बैसाखी का पर्व मनाया जा रहा था। इस दौरान ही दोनों सिख युवकों पर हमला किया गया, लेकिन हमला क्यों किया, इसकी वजह तलाशी जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मामूली कहासुनी के चलते हत्या की गई, लेकिन पुलिस हर एंगल से केस की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *