डेस्कः घरेलू बाजार में कमजोर मांग के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 5,700 रुपए टूटकर 2.53 लाख रुपए प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 5,700 रुपए यानी 2.2 प्रतिशत टूटकर 2,53,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई।
सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 1,600 रुपए यानी 1.01 प्रतिशत टूटकर 1,56,200 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) पर रहा। एलकेपी सिक्योरिटीज में शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ”युद्धविराम के बाद के घटनाक्रम पर सप्ताहांत आने वाली जरूरी जानकारी से पहले बाजार के सतर्क रहने की वजह से सोना सीमित दायरे में रहा और कीमतों में नरमी रही।”
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, सोना के सीमित दायरे में रहने की संभावना है, जिसमें उतार-चढ़ाव का रुझान रहेगा और सप्ताहांत के किसी भी घटनाक्रम पर तेजी से प्रतिक्रिया करेगा। विदेशी बाजारों में, हाजिर सोना थोड़ा घटकर 4,786.90 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 1.12 प्रतिशत बढ़कर 79.28 डॉलर प्रति औंस हो गई।

