खेल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का 22 अक्टूबर से होगा आगाज, सरदार सिंह की मौजूदगी में भिड़ेंगी 6 टीमें

डेस्क: छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) का पहला सीजन 22 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

22 अक्टूबर को पहला मुकाबला
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन सत्र की शुरुआत 22 अक्टूबर को राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के मुकाबले से होगी। यह मैच रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। इससे पहले शाम 5:30 बजे महिला हॉकी का प्रदर्शनी मुकाबला आयोजित किया जाएगा।
छह टीमें और 132 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दम
लीग के पहले सीजन में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं। व्यापक चयन प्रक्रिया और ट्रायल के बाद कुल 132 खिलाड़ियों को इन टीमों में जगह मिली है।
सरदार सिंह बोले- स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी और लीग एंबेसडर सरदार सिंह ने इस पहल को छत्तीसगढ़ की हॉकी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत एक ऐसी पहल है, जो दूसरों के लिए भी एक मानक स्थापित करेगी। मुझे विश्वास है कि इससे छत्तीसगढ़ के हॉकी खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा।’
उन्होंने आगे कहा, ‘इस लीग का एंबेसडर बनना मेरे लिए छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को विकसित करने और उन्हें संभावित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सितारे बनाने में योगदान देने का शानदार अवसर है। पूरी हॉकी बिरादरी की नजर इस लीग पर रहेगी।’
ओलंपिक खिलाड़ियों समेत कई बड़े नाम होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में युवा प्रतिभाओं के साथ अनुभवी खिलाड़ियों का भी अच्छा मिश्रण देखने को मिलेगा। लीग की छह फ्रेंचाइजी में भारतीय हॉकी के कई प्रमुख खिलाड़ियों को मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम जैसे नाम शामिल हैं।
राज्य सरकार की पहल से आयोजित होगी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग राज्य की पहली आधिकारिक राज्यस्तरीय हॉकी लीग है। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है। लीग की परिकल्पना स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धा का अवसर देने, उनके कौशल को निखारने और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से की गई है।
1 नवंबर को होगा खिताबी मुकाबला
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का फाइनल 1 नवंबर को शाम 7 बजे खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। इस मुकाबले के साथ लीग के पहले ऐतिहासिक सीजन का समापन होगा और राज्य की हॉकी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *