मनोरंजन

अक्षय कुमार की अगली फिल्म में होगा कॉमेडी और रोमांच का तड़का, 70 के दशक में टाइगर हंटर बनेंगे खिलाड़ी कुमार, राजपाल यादव और अन्नू कपूर भी आएंगे नजर

डेस्क: बॉलीवुड (Bollywood )अभिनेता अक्षय कुमार(Akshay Kumar) एक बार फिर अपनी पुरानी हिट जोड़ी के साथ दर्शकों को हंसाने की तैयारी में हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म हैवान के बॉक्स ऑफिस (box office)पर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन (Priyadarshan)एक नई कॉमेडी फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। इस बार फिल्म की कहानी और अक्षय का किरदार पहले से काफी अलग होने वाला है। सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक अक्षय कुमार इस फिल्म में टाइगर हंटर यानी बाघों का शिकार करने वाले व्यक्ति की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी और इसमें कॉमेडी के साथ रोमांच का तड़का भी देखने को मिल सकता है।
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी बॉलीवुड में अपनी कॉमेडी फिल्मों के लिए खास पहचान रखती है। दोनों ने पहले हेरा फेरी गरम मसाला और दे दना दन जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। इन फिल्मों को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था और अक्षय की कॉमिक टाइमिंग ने दर्शकों को खूब मनोरंजन किया था। यही वजह है कि नई फिल्म को लेकर भी उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि दोनों की पिछली फिल्म हैवान बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म की कमाई भी काफी निराशाजनक रही और यह अक्षय तथा प्रियदर्शन की जोड़ी के लिए एक बड़ा झटका साबित हुई।
हैवान के प्रदर्शन को लेकर प्रियदर्शन ने भी अपनी निराशा जाहिर की थी। उन्होंने स्वीकार किया था कि फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। निर्देशक के मुताबिक अक्षय कुमार के साथ गंभीर विषयों पर बनी फिल्मों को पहले भी अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। उन्होंने खट्टा मीठा का उदाहरण देते हुए कहा था कि दर्शक इस जोड़ी को कॉमेडी फिल्मों में अधिक पसंद करते हैं। अब नई फिल्म के जरिए दोनों एक बार फिर उसी शैली में लौटने की तैयारी कर रहे हैं जिसने उन्हें पहले बड़ी सफलता दिलाई थी।
फिल्म से जुड़ी रिपोर्ट के मुताबिक इसकी शूटिंग नवंबर 2026 के आखिरी सप्ताह में शुरू हो सकती है। इसके बाद राजस्थान के जंगलों और वन्यजीव क्षेत्रों में करीब तीन महीने तक शूटिंग किए जाने की योजना है। फिल्म के कुछ हिस्सों के लिए मुंबई में भी सेट तैयार किया जाएगा। इसके अलावा भोपाल में भी लोकेशन की रेकी किए जाने की जानकारी सामने आई है। यदि भोपाल में शूटिंग होती है तो स्थानीय फिल्म प्रेमियों को भी इस बड़े प्रोजेक्ट से जुड़ी गतिविधियां देखने का मौका मिल सकता है।
इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ राजपाल यादव और अन्नू कपूर जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं। राजपाल यादव अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर हैं जबकि अन्नू कपूर अपने अलग अंदाज और दमदार अभिनय से किरदारों में जान डालने के लिए जाने जाते हैं। इन दोनों कलाकारों की मौजूदगी फिल्म के हास्य पक्ष को मजबूत बना सकती है। हालांकि फिल्म की मुख्य अभिनेत्री की तलाश अभी जारी बताई जा रही है।

फिल्म की कहानी प्रियदर्शन ने रोहन शंकर के साथ मिलकर लिखी है। दोनों इससे पहले भूत बंगला पर भी साथ काम कर चुके हैं। अब दर्शकों की नजर इस नई कॉमेडी फिल्म पर टिकी है। हैवान की असफलता के बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन के सामने एक बार फिर अपनी सफल जोड़ी का जादू दोहराने की चुनौती होगी। फिल्म की शूटिंग और कलाकारों से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि 1970 के दशक के टाइगर हंटर का किरदार दर्शकों को कितना पसंद आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *