डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में तूफानी प्रदर्शन करते हुए नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बल्ले ने ऐसा कहर बरपाया कि भारत ने महज 8.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी पर लगाया अंकुश
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने खुलकर नहीं खेल सकी। टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 102 रन ही बना पाई। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार डॉट गेंदें डालकर बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए।
निकी प्रसाद ने की शानदार गेंदबाजी
भारत की ओर से निकी प्रसाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात रन देकर दो विकेट झटके। क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने एक-एक विकेट हासिल किया। गेंदबाजों के सामूहिक प्रयास ने जिम्बाब्वे को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
चिपो मुगेरी और कप्तान अंकोमो ने संभाली पारी
जिम्बाब्वे की ओर से चिपो मुगेरी-टिरिपानो ने 34 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया। कप्तान जोसेफीन अंकोमो ने 27 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। अतिरिक्त के रूप में मिले 12 रन भी टीम के स्कोर में अहम रहे।
शेफाली वर्मा ने 24 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। शेफाली वर्मा ने महज 25 गेंदों पर 55 रन ठोक दिए। उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। शेफाली ने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया।
स्मृति मंधाना ने नाबाद 47 रन बनाकर दिलाई जीत
दूसरी ओर, स्मृति मंधाना ने कप्तानी पारी खेलते हुए 25 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। स्मृति और शेफाली ने पहले विकेट के लिए महज 7.5 ओवर में 96 रन जोड़कर मुकाबले को एकतरफा बना दिया। शेफाली के आउट होने के बाद स्मृति ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त
भारतीय टीम ने 8.5 ओवर में एक विकेट पर 104 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने 67 गेंद शेष रहते नौ विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। अब भारतीय टीम की नजरें आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होंगी।


