
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके परिवार से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा में की गई, जहां मित्तल के घर, दफ्तर और उनसे जुड़ी शैक्षणिक संस्थाओं की जांच की जा रही है।
अशोक मित्तल हाल ही में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में डिप्टी लीडर बनाए गए थे। उन्होंने इस पद पर राघव चड्ढा की जगह ली थी। इसके बाद ED की इस कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीम ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) और उससे जुड़े अन्य परिसरों में भी दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई FEMA से जुड़े मामलों के तहत की जा रही है।
AAP नेताओं ने इस छापेमारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर ED की ओर से अभी तक मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अब इस पूरे मामले पर सभी की नजर ED की अगली कार्रवाई और आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया पर बनी हुई है।
