अर्थ

TCS का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 12.22% बढ़कर 13,718 करोड़ रुपए पर

डेस्क: देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 12.22 प्रतिशत बढ़कर 13,718 करोड़ रुपए रहा है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में यह जानकारी दी। इससे गत वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में कंपनी ने 12,224 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 1.35 प्रतिशत बढ़कर 49,210 करोड़ रुपए हो गया जो वित्त वर्ष 2024-25 में 48,553 करोड़ रुपए था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में हालांकि कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 23,460 घटकर 5.84 लाख रह गई। हालांकि, चौथी तिमाही में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 2,356 की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान बदलते प्रौद्योगिकी परिदृश्य के कारण कंपनी ने 12,000 नौकरियां घटाने की प्रक्रिया शुरू की थी। 315 अरब डॉलर के भारतीय आईटी क्षेत्र में टीसीएस वित्त वर्ष 2025-26 के नतीजे घोषित करने वाली पहली कंपनी है। इस दौरान कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी का विस्तार हुआ जिससे इस क्षेत्र में रोजगार की प्रकृति को लेकर चिंताएं भी बढ़ीं जबकि यह क्षेत्र अर्थव्यवस्था में उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियां उपलब्ध कराता है।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 9.64 प्रतिशत बढ़कर 70,698 करोड़ रुपए हो गई जो जनवरी-मार्च, 2025 में 64,479 करोड़ रुपए थी। पूरे वित्त वर्ष में कंपनी की परिचालन आय 4.58 प्रतिशत बढ़कर 2.67 लाख करोड़ रुपए रही। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने कहा कि यह लगातार तीसरी तिमाही है जब कंपनी ने तिमाही आधार पर वृद्धि दर्ज की है और यह गति प्रमुख बाजारों एवं उद्योगों में व्यापक रूप से देखने को मिली।

उन्होंने कहा, ”हालांकि, वृहद आर्थिक चुनौतियां बनी हुई हैं लेकिन प्रौद्योगिकी निवेश के प्रति ग्राहकों का भरोसा कायम है। इससे भविष्य के अवसरों के लिए हमारी स्थिति मजबूत होती है।” कंपनी ने समीक्षाधीन तिमाही के दौरान 12 अरब डॉलर के नए सौदे किए जिनमें उत्तर अमेरिका से 5.4 अरब डॉलर और बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र से 2.8 अरब डॉलर के सौदे शामिल हैं। कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 रुपए प्रति शेयर के अंतिम लाभांश का प्रस्ताव किया है जिसके लिए वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी की ली जाएगी। कंपनी का शेयर बृहस्पतिवार को बीएसई सेंसेक्स पर 1.09 प्रतिशत बढ़कर 2,587.75 रुपए पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *