प्रमंडल स्तर पर विजयी खिलाड़ी राज्य स्तर पर लहराएंगे प्रतिभा का परचम : जिला खेल पदाधिकारी
दरभंगा, 08 अक्टूबर 2026 :-खेल विभाग, बिहार, पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में आयोजित *प्रमंडल स्तरीय अंतर जिला खेल प्रतियोगिता 2026-27* के चौथे एवं अंतिम दिन फुटबॉल एवं योग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया। 
योग प्रतियोगिता के *अंडर-14 बालक वर्ग* में सागर पासवान, *अंडर-17 बालक वर्ग* में माधव कुमार, *अंडर-14 बालिका वर्ग* में मनीषा कुमारी, *अंडर-17 बालिका वर्ग* में सृष्टि कुमारी तथा *अंडर-19 बालिका वर्ग* में अंशु कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फुटबॉल प्रतियोगिता के *अंडर-14 बालिका एवं अंडर-17 बालिका वर्ग* में दरभंगा विजेता तथा समस्तीपुर उपविजेता रहा। *अंडर-14 बालक वर्ग* में समस्तीपुर विजेता एवं मधुबनी उपविजेता रहा। वहीं *अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग* में समस्तीपुर विजेता तथा दरभंगा उपविजेता रहा।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि प्रमंडल स्तर पर विजयी खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले एवं प्रमंडल का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। साथ ही विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर जिला खेल पदाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। चार दिवसीय प्रतियोगिता का फुटबॉल एवं योग के मुकाबलों के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ।
प्रतियोगिता के मंच संचालन तथा विभिन्न खेल विधाओं के परिणामों के संकलन एवं संधारण में अवकाश प्राप्त शारीरिक शिक्षक रविंद्र कुमार सिंह, यूएचएस अनुमंडल परिसर, बिरौल के शिक्षक केशव कुमार चौधरी, कुमार अनुराग, नटवर चौधरी, निशांत कुमार, राकेश कुमार तथा एकलव्य प्रशिक्षक अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



