अंतरराष्ट्रीय

IPL 2026 : 2012 के बाद पहली बार KKR सत्र के लगातार दो ओपनिंग मैच हारी, जीत की पटरी पर लौटी SRH

डेस्क: हेनरिक क्लासेन (52), अभिषेक शर्मा (48) और ट्रेविस हेड (46) की तूफानी पारियों के बाद घातक गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उनके घर में 65 रनों से हराकर सत्र की पहली जीत दर्ज कर ली। गुरुवार को ईडेन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 226 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 16 ओवर में सिर्फ 161 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए अंगकृष रघुवंशी (Angkrish Raghuvanshi) ने सर्वाधिक 52 रनों की पारी खेली। वहीं, हैदराबाद की तरफ से जयदेव उनादकट (Jaydev Unadkat) ने तीन विकेट लिए जबकि ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा हर्ष दुबे ने एक विकेट अपने नाम किया।

लगातार दूसरा मैच हारी केकेआर

केकेआर 2012 के बाद पहली बार लगातार दो ओपनिंग मैच हारी है। हैदराबाद से पहले उसे मुंबई इंडियंस ने सत्र के शुरुआती मुकाबले में ही हराया था। वहीं, सनराइजर्स की 2020 के बाद कोलकाता के खिलाफ खेले 14 मुकाबलों में सिर्फ चौथी जीत है। वहीं, इडेन गार्डन्स पर खेले 12 आईपीएल मैचों में भी हैदराबाद की यह चौथी जीत है।
227 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की बल्लेबाजी निराशाजनक रही। फिन एलन ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ 1.3 ओवरों में 30 रन की साझेदारी की। एलन महज सात गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में दो छक्के और चार चौके शामिल रहे।

यहां से अंगकृष रघुवंशी ने कप्तान के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 37 रन की साझेदारी की। रहाणे ने टीम के खाते में 8 रन का योगदान दिया। अंगकृष ने रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। रिंकू ने 35 रन जुटाए, जबकि अंगकृष ने 29 गेंदों में दो छक्कों और छह चौकों के साथ 52 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। यह रघुवंशी का लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक रहा। इससे पहले उन्होंने मुंबई के खिलाफ मैच में भी अर्धशतक लगाया था।

हैदराबाद की धमाकेदार बल्लेबाजी

इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.4 ओवरों में 82 रन जुटाए। ट्रेविस हेड 21 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए, उनकी इस पारी में तीन छक्के और छह चौके शामिल रहे। इनके अलावा, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में चार छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 48 रन टीम के खाते में जोड़े।

सलामी जोड़ी के टूटने के बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। 9.2 ओवरों तक एसआरएच का स्कोर 118/4 था। यहां से हेनरिक क्लासेन ने नितीश रेड्डी के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 गेंदों में 82 रन जोड़कर टीम का दोहरा शतक पूरा कराया। क्लासेन 35 गेंदों में एक छक्के और चार चौकों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नीतीश रेड्डी ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से ब्लेसिंग मुजरबानी ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए, जबकि वैभव अरोड़ा ने दो विकेट निकाले। कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय के नाम पर एक-एक विकेट रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *