करनाल जिला न्यूज वॉच मैगजीन प्रादेशिक स्थानीय हरियाणा

निगमायुक्त सलोनी शर्मा की अध्यक्षता में टाऊन वेंडिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, सेक्टर-9 के अटल पार्क के पास 43 कार्ट का स्ट्रीट फूड हब बनाने की योजना।

निगमायुक्त सलोनी शर्मा की अध्यक्षता में टाऊन वेंडिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, सेक्टर-9 के अटल पार्क के पास 43 कार्ट का स्ट्रीट फूड हब बनाने की योजना।

करनाल में 101 पथ विक्रेताओं के लिए 5 नए वेंडिंग जोन विकसित करने पर सहमति।


निगमायुक्त सलोनी शर्मा की अध्यक्षता में टाऊन वेंडिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, सेक्टर-9 के अटल पार्क के पास 43 कार्ट का स्ट्रीट फूड हब बनाने की योजना।
यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों का होगा बेहतर प्रबंधन- निगमायुक्त।
करनाल 13 अक्टूबर, शहर में रेहड़ी-फड़ी एवं पथ विक्रेताओं के हितों की रक्षा करने, उन्हें व्यवस्थित एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाने तथा शहर के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कार्यालय के सभागार में टाऊन वेंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने की। बैठक में पथ विक्रेताओं से संबंधित छह एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उप निगमायुक्त विनोद नेहरा ने एजेंडा प्रस्तुत किया। सदस्यों की उपस्थिति से बैठक का कॉरम पूरा रहा।

पांच स्थानों पर 101 पथ विक्रेताओं को मिलेगी जगह।

बैठक में करनाल शहर में पांच प्रस्तावित वेंडिंग जोन विकसित करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। इनमें मेरठ रोड स्थित वेस्ट कलेक्शन सेंटर की दीवार के साथ 32, देवी लाल पार्क के निकट हनुमान मंदिर के पास 19, कर्ण कॉमर्शियल सेंटर में लाली की थाली रेस्टोरेंट के पास 18, गुरु हरकिशन स्कूल की दीवार के साथ 16 तथा कर्ण कॉमर्शियल सेंटर में एससीओ-380 के पास 16 पथ विक्रेताओं के लिए स्थान प्रस्तावित हैं। इन पांचों स्थानों पर कुल 101 पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित एवं सुरक्षित जगह उपलब्ध करवाने के प्रस्ताव पर कमेटी के सदस्यों ने सहमति जताई।
अटल पार्क के पास विकसित होगा स्ट्रीट फूड हब, बन सकेंगे 43 कार्ट।
बैठक में सेक्टर-9 स्थित अटल पार्क के निकट स्ट्रीट फूड हब विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उप निगमायुक्त विनोद नेहरा ने बताया कि पार्क की बाउंड्री वॉल और फुटपाथ के बीच उपलब्ध जगह पर स्ट्रीट फूड हब विकसित किया जा सकता है। यहां नागरिकों की आवाजाही अधिक होने के कारण यह स्थान उपयुक्त रहेगा तथा यहां करीब 43 कार्ट लगाए जा सकते हैं।
यातायात पुलिस के एसएचओ ने इस स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि स्ट्रीट फूड हब की योजना इस प्रकार तैयार की जाएगी, जिससे सडक़ पर यातायात सुचारू बना रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी भी न हो। उन्होंने उप निगमायुक्त को एचएसवीपी के अधिकारियों के साथ बैठक कर अटल पार्क के आस-पास प्रस्तावित कार्यों एवं उनकी आगामी प्रक्रिया की जानकारी लेने के निर्देश भी दिए, ताकि स्ट्रीट फूड हब को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जा सके।
एचएसवीपी की भूमि पर प्रस्तावित वेंडिंग जोन हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी।
बैठक में पुराने बस स्टैंड के पीछे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की भूमि पर प्रस्तावित वेंडिंग जोन को हटाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। उप निगमायुक्त ने बताया कि संबंधित भूमि पर एचएसवीपी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के बाद वेंडिंग जोन बनाया गया था, लेकिन अब प्राधिकरण की ओर से यहां एससीओ विकसित करने की योजना है। एनओसी की शर्तों के अनुसार भूमि का स्वामित्व एचएसवीपी के पास होने के कारण प्राधिकरण इसे खाली करवा सकता है। कमेटी के सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा, लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश।
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को उपलब्ध करवाए गए ऋण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में मौजूद एसएमआईडी संजय शर्मा ने बताया कि योजना के तहत करनाल शहर के 10,322 पथ विक्रेताओं को 15 हजार रुपये का प्रथम ऋण, 3,454 पथ विक्रेताओं को 25 हजार रुपये का द्वितीय ऋण तथा 1,320 पथ विक्रेताओं को 50 हजार रुपये का तृतीय ऋण उपलब्ध करवाया गया है।
उप निगमायुक्त ने बताया कि ऋण अदायगी से संबंधित 268 मामले विभिन्न बैंकों के स्तर पर लंबित हैं। इस पर निगमायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक को लंबित मामलों के निपटान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप निगमायुक्त को बैंकों के साथ जल्द बैठक आयोजित करने के लिए भी कहा, ताकि मामलों का शीघ्र समाधान हो सके।
स्ट्रीट वेंडरों का सर्वे कर एक सप्ताह में प्रेजेंटेशन देने के निर्देश।
बैठक में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की पिछली बैठक में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल द्वारा दिए गए निर्देशों की अनुपालना में करनाल शहर के सभी स्ट्रीट वेंडरों का सर्वे करवाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित एजेंसी को सर्वेक्षण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर एक सप्ताह के भीतर प्रेजेंटेशन देने के निर्देश दिए, ताकि सर्वेक्षण का कार्य जल्द शुरू किया जा सके और पथ विक्रेताओं से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा सके।
त्योहारी सीजन से पहले बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश।
बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बाजारों एवं सडक़ों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने का अनुरोध किया। इस पर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कर्ण गेट, गुड़ मंडी, नेहरू पैलेस मार्केट और कुंजपुरा रोड सहित अन्य प्रमुख बाजारों में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखना जरूरी है, ताकि वाहन चालकों और खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
पुलिस अधिकारियों ने सिंगल पिलर फ्लाईओवर के नीचे डिवाइडर ना बनाकर पार्किंग की जगह उपलब्ध करवाने का सुझाव भी दिया। निगमायुक्त ने बताया कि संबंधित कार्य एचएसवीपी द्वारा करवाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर इसकी व्यवहार्यता जांचने और उचित कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक के अंत में निगमायुक्त ने कमेटी के सभी सदस्यों से शहर में अन्य संभावित स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने के लिए सुझाव देने की अपील की, ताकि पथ विक्रेताओं को आजीविका के लिए उचित स्थान मिल सके और शहर में यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक स्थानों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *