अंतरराष्ट्रीय

दुबई पोर्ट के पास ईरान ने तेल टैंकर उड़ाया, 24 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाला गया

डेस्क: मध्य पूर्व में तनाव के बीच दुबई पोर्ट (Dubai port) के पास तेल से भरे एक कुवैती टैंकर (kuwaiti tanker) पर हमले की खबर सामने आई है। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (KPC) ने दावा किया कि एंकरेज क्षेत्र में हुए इस हमले में टैंकर के बाहरी हिस्से में आग लग गई। जहाज पर करीब 24 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बताया गया कि फारस की खाड़ी में आधी रात के बाद हुए इस हमले में ‘अल-सलमी’ नामक कच्चे तेल के बड़े टैंकर को निशाना बनाया गया। अधिकारियों के अनुसार, आपातकालीन बचाव दल और दमकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। साथ ही समुद्र में तेल फैलने की आशंका भी जताई गई है।

कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बयान में कहा कि राहत टीमें संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं। इस बीच क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में खाड़ी क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले सऊदी अरब के रास तनुरा तट के पास एक ग्रीक झंडे वाले कंटेनर जहाज पर भी हमले की सूचना मिली थी। इसके अलावा खाड़ी देशों के ऊर्जा ठिकानों को भी ड्रोन और मिसाइल हमलों से निशाना बनाए जाने की खबरें आई हैं।

यह तनाव उस समय बढ़ा जब अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के Kharg Island को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी हमले की स्थिति में वह खाड़ी क्षेत्र के तेल ठिकानों को निशाना बना सकता है।
ईरान के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम ज़ोलफकारी ने कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा थोपे गए युद्ध का अंत ईरान ही तय करेगा। फिलहाल क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *