अर्थ

वेस्ट एशिया संकट के बीच सरकार अलर्ट, सप्लाई और जहाज पूरी तरह सुरक्षित

डेस्क: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव सेंथिल राजन ने साफ कहा है कि देश में किसी तरह की कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई जानबूझकर अफवाह फैलाता है, तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.

विदेश मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक खाड़ी क्षेत्र के हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. गल्फ मामलों के सचिव असीम महाजन ने बताया कि वहां फंसे भारतीय छात्रों की स्थिति पर लगातार अपडेट लिया जा रहा है. इसी बीच यूएई के अबू धाबी में एक भारतीय नागरिक की हमले में मौत की खबर भी सामने आई है.

एमईए प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी दी कि विदेश मंत्री G7 बैठक में शामिल होने फ्रांस गए हैं. इस बैठक में वेस्ट एशिया में जारी तनाव और उसके कारण ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ने वाले असर पर चर्चा हुई. इसमें कनाडा, जापान और फ्रांस सहित कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए.

शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी राकेश सिन्हा ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय जहाज और नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं. अब तक 25 नाविकों को सुरक्षित भारत लाया जा चुका है. सभी पोर्ट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और किसी तरह की रुकावट नहीं है.

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि भले ही कच्चे तेल की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं, लेकिन सरकार ने उपभोक्ताओं पर इसका बोझ नहीं डाला है. देश में दो महीने के लिए पर्याप्त क्रूड स्टॉक मौजूद है और किसी तरह की कमी नहीं है.

एलपीजी सप्लाई में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है. साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए 3,000 से ज्यादा छापे मारे गए और 710 एफआईआर दर्ज की गई हैं.

सीबीआईसी चेयरमैन विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि सरकार हर 15 दिन में आयात शुल्क और एक्साइज ड्यूटी की समीक्षा कर रही है. पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की गई है ताकि सप्लाई चेन प्रभावित न हो और अर्थव्यवस्था पर दबाव कम रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *