कोलकाता:पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनावी माहौल के बीच बयानबाजी और तीखी हो गई है। दिलीप घोष ने खड़गपुर में एक सभा के दौरान माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद अपराधियों पर योगी आदित्यनाथ की तरह एक्शन लिया जाएगा।
दिलीप घोष ने कहा कि 4 मई के बाद हालात पूरी तरह बदल जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में पुलिस माफियाओं के साथ नरमी बरत रही है, लेकिन बीजेपी सरकार आने पर या तो अपराधी जेल में होंगे या उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घोष के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। पार्टी का कहना है कि बीजेपी खुलेआम कानून से हटकर हिंसा की बात कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
चुनावी माहौल में बढ़ी सियासत
पश्चिम बंगाल में चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। घोष खड़गपुर सदर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने दावा किया कि उनकी राजनीति हमेशा से अपराध और माफिया के खिलाफ रही है।
दिलीप घोष ने राज्य प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी शिकायतों के बावजूद सरकारी मशीनरी निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही। उन्होंने इस मामले को चुनाव आयोग तक ले जाने की बात भी कही।
आशुतोष झा
