करनाल जिला न्यूज वॉच मैगजीन प्रादेशिक स्थानीय हरियाणा

करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से होंगे विकास कार्य, शहरवासियों को मिलेंगी बेहतर मूलभूत सुविधाएं।

वार्ड 5, 6, 8, 9 व 11 में 6 विकास कार्यों का विधायक जगमोहन आनंद व महापौर रेणु बाला गुप्ता ने किया शुभारंभ।

करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से होंगे विकास कार्य, शहरवासियों को मिलेंगी बेहतर मूलभूत सुविधाएं।

करनाल 24 सितंबर, शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक जगमोहन आनंद एवं नगर निगम महापौर रेणु बाला गुप्ता ने वार्ड संख्या 5, 6, 8, 9 एवं 11 में करीब 1 करोड़ 43 लाख 75 हजार रुपये की लागत से होने वाले 6 विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

इन विकास कार्यों में आकांक्षी शौचालय का निर्माण, पार्किंग क्षेत्र का सुदृढ़ीकरण, इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने, डिवाइडिंग रोड का पुनर्निर्माण, राजस्व रास्ते को पक्का करने तथा सीमेंट कंक्रीट से विभिन्न गलियों के निर्माण के कार्य शामिल हैं। शुभारंभ अवसर पर वार्ड 11 के पार्षद संजीव मेहता, वार्ड 9 की पार्षद सुजाता अरोड़ा, वार्ड 8 के पार्षद संकल्प भंडारी, वार्ड 5 के पार्षद सुभाष काम्बोज तथा वार्ड 6 के पार्षद अंकित तितोरिया मौजूद रहे।

विकास कार्यों की गति रहेगी निरंतर, कोई क्षेत्र नहीं रहेगा विकास से वंचित- विधायक जगमोहन आनंद।

इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल शहर में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है और नागरिकों की आवश्यकताओं एवं मांगों के अनुरूप विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सडक़, गलियों, पार्किंग, रास्तों और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। शहर के जिन क्षेत्रों में लंबे समय से विकास कार्यों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वहां भी कार्य शुरू करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर का कोई भी क्षेत्र विकास कार्यों से वंचित नहीं रहेगा।
विधायक ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि नागरिकों के दैनिक जीवन को सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से भी विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया, ताकि जनता को लंबे समय तक इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।


बेहतर व्यवस्थाओं से लगातार बढ़ रहा शहर का सौंदर्य- महापौर रेणु बाला गुप्ता।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर को व्यवस्थित, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में सडक़, पार्किंग और गलियों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा शहर के सौंदर्यीकरण में भी इजाफा होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की कोशिश है कि विकास कार्यों का लाभ प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरे होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और दैनिक गतिविधियों में भी सुविधा होगी।
महापौर ने नागरिकों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा जिस स्थान पर विकास कार्य शुरू करवाया जाता है, वहां कार्य से संबंधित जानकारी का बोर्ड भी लगाया जाता है। संबंधित क्षेत्र के लोग विकास कार्य की निगरानी रखें और यदि कहीं निर्माण कार्य में कोई कमी या खामी दिखाई देती है तो इसकी सूचना संबंधित पार्षद अथवा नगर निगम अधिकारियों को दें। ऐसी शिकायतों को समय रहते जांच करवाकर आवश्यक सुधार करवाया जाएगा।
इन छह विकास कार्यों पर खर्च होंगे करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये।
1. वार्ड 11- सेक्टर-12 स्थित जिला न्यायिक परिसर में आकांक्षी शौचालय।
वार्ड 11 के सेक्टर-12 स्थित जिला न्यायिक परिसर में आकांक्षी शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर 27 लाख 88 हजार रुपये की एग्रीमेंट राशि खर्च होगी। कार्य को 4 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
2. वार्ड 9- सेक्टर-7 मार्केट स्थल का सुदृढ़ीकरण।
वार्ड 9 के सेक्टर-7 मार्केट स्थल का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर 24 लाख 59 हजार रुपये की एग्रीमेंट राशि खर्च होगी और कार्य को 1 माह में पूरा किया जाएगा।
3. वार्ड 8- सेक्टर-6 व 14 में इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक।
वार्ड 8 के सेक्टर-6 एवं सेक्टर-14 में विभिन्न स्थानों की साइड बर्म पर इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य किया जाएगा। इस कार्य की एग्रीमेंट राशि 10 लाख 87 हजार रुपये है। कार्य को 3 माह में पूरा किया जाएगा।
4. वार्ड 8- शिव मंदिर के सामने सडक़ का पुनर्निर्माण।
वार्ड 8 में शिव मंदिर के सामने सेक्टर-6 एवं 7 के डिवाइडिंग रोड से सेक्टर-6 मुख्य बाजार तक सडक़ का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर 35 लाख 50 हजार रुपये की एग्रीमेंट राशि खर्च होगी। कार्य को 2 माह में पूरा करने का लक्ष्य है।
5. वार्ड 5- राजस्व रास्ते को इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक से किया जाएगा पक्का।
वार्ड 5 में अंसल सिटी के पीछे गोपी वाली गामड़ी के सामने सूरता रोड डेरा से ऑक्सीवन तक राजस्व रास्ते को इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाकर पक्का किया जाएगा। इस कार्य पर 12 लाख 96 हजार रुपये खर्च होंगे और इसे 3 माह में पूरा किया जाएगा।
इस कार्य की विशेष बात यह है कि करीब वर्ष 1997 से बसे इस डेरे में पहली बार रास्ते को पक्का करने का कार्य किया जा रहा है। इससे यहां रहने वाले लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
6. वार्ड 6- चांद सराय की विभिन्न गलियों का सीमेंट कंक्रीट से निर्माण।
वार्ड 6 के चांद सराय क्षेत्र की विभिन्न गलियों का सीमेंट कंक्रीट से निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर 31 लाख 95 हजार रुपये की एग्रीमेंट राशि खर्च होगी। कार्य को 4 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, पूर्व चेयरमैन मेघा भंडारी, पूर्व पार्षद रजनी परोचा एवं विनोद तितोरिया, सामाजिक कार्यकर्ता विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *