स्थानीय

दरभंगा : युवा संसद में भाग लेने दस छात्रों की टीम नागपुर रवाना

संस्कृत विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों के है सभी छात्र

20 से 23 मार्च तक चलेगी संसद

दरभंगा : कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के 10 सदस्यीय छात्राओं की टीम नागपुर में आयोजित भारतीय युवा संसद कार्यक्रम में भाग लेने आज रवाना हो गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर टीम को विदा किया। इस मौके पर कुलपति प्रो. पाण्डेय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय युवा संसद केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं राष्ट्रीय दायित्वों को समझने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, मर्यादा एवं गरिमा बनाए रखते हुए कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने का निर्देश दिया। साथ ही , उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच छात्रों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल को निखारने में अत्यंत सहायक होते हैं।उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि इस कार्यक्रम के संयोजक नोडल पदाधिकारी डॉ.रामसेवक झा के अनुसार युवा संसद कार्यक्रम 20 से 23 मार्च तक केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय,दिल्ली तथा भारतीय युवा संसद, मीडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में डा.हेडगेवार स्मारक समिति नागपुर में आयोजित किया गया है। इसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र भाग ले रहे है । इस आयोजन में प्रतिभागी छात्र भारतीय संसद की कार्यप्रणाली, वाद-विवाद की शैली तथा नीति-निर्माण की प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।
नागपुर जाने वाली टीम में संस्कृत विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों के छात्र चयनित किये गए हैं। रवानगी टीम में मदन मोहन झा,रामेश्वरलता संस्कृत महाविद्यालय,चुन्नू कुमार, हर्ष कुमार पांडेय, रजनीश झा,दिव्य कुमार पांडेय, सुधीर कुमार,शिक्षाशास्त्र विभाग से पंकज कुमार झा, नंदन संस्कृत महाविद्यालय,ईसहपुर, गौतम कुमार, राम औतार गौतम संस्कृत महाविद्यालय,अहिल्यास्थान,कार्तिक कुमार झा एवं सुन्दरम कुमार झा नागार्जुन उमेश संस्कृत महाविद्यालय, तरौनी सम्मिलित हैं।वहीं ,दलनायक रजनीश झा को बनाया गया है। मौके पर अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो.पुरेन्द्र बारिक,सीसीडीसी डॉ.दिनेश झा, शिक्षाशास्त्र निदेशक डॉ.घनश्याम मिश्र, डॉ.रामसेवक झा, अवन कुमार, गोपाल उपाध्याय समेत कई पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं सार्थक सहभागिता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *