दरभंगा, 15 सितम्बर 2026 :- समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं तीव्र क्रियान्वयन को लेकर सभी बैंक पदाधिकारियों, विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं अधिकृत वेंडरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं, कनीय विद्युत अभियंताओं एवं अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं का घर-घर जाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं।
साथ ही, उन्हें घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बैंक पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से अस्वीकृत नहीं किया जाए। यदि किसी कारणवश कोई आवेदन अस्वीकृत हुआ है, तो संबंधित वेंडर आवेदक से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधार कराते हुए पुनः आवेदन कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों पर बैंक स्तर से अधिकतम 07 दिनों के अंदर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा लाभुकों के ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि लाभुकों के घरों पर समय पर सोलर संयंत्र स्थापित किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि जिलांतर्गत 197 आवेदन बैंकों के पास ऋण वितरण (Loan Disbursement) के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी विद्युत अभियंताओं को निर्देशित किया कि जिले में योजना के तहत इस माह 3,000 से 4,000 नए आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें।
उन्होंने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान कर उन्हें योजना के अंतर्गत आवेदन के लिए तैयार करने का लक्ष्य दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करें, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर योजना का लाभ मिल सके और जिले में योजना का व्यापक विस्तार सुनिश्चित हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने का निर्देश नगर निगम के पदाधिकारियों को दिया।
उन्होंने वार्डवार कैंप के माध्यम से आम नागरिकों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने एवं मौके पर आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार अभियान चलाकर अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ा जाए तथा आवेदन से लेकर सोलर संयंत्र के अधिष्ठापन तक की प्रक्रिया में लाभुकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि सहित अन्य विभागों के कर्मियों एवं अधिकारियों के घरों पर भी रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया जाए।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विभागवार समन्वय स्थापित कर इच्छुक कर्मियों की पहचान करने तथा उन्हें योजना के तहत आवेदन कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए विद्युत विभाग, बैंक, नगर निगम, अधिकृत वेंडर एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता श्री विकास कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दरभंगा (शहरी) के श्री केशव कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दरभंगा (ग्रामीण) के श्री अमोद कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बेनीपुर के पदाधिकारी, अंकेश कुमार, वरीय प्रबंधक (आईटी), सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, एलडीएम, विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी एवं अधिकृत वेंडर उपस्थित थे।

