दरभंगा : अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, दरभंगा के तत्वावधान में मंगलवार को दरभंगा जिला कार्यालय लहेरियासराय में जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह पिंकूजी की अध्यक्षता एवं रामशंकर सिंह पप्पूजी के संचालन में क्षत्रिय समाज की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में सारण (छपरा) में दसवीं की छात्रा के साथ हुई जघन्य गैंगरेप की घटना की कड़ी निंदा की गई और इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया गया।
बैठक में उपस्थित समाज के बुद्धिजीवियों, युवाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि ऐसी घटनाएं समाज और कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करती हैं। दोषियों को जल्द-से-जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी-से-कड़ी सजा देने की मांग की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के जिला अध्यक्ष ने कहा कि छपरा की घटना अत्यंत दर्दनाक और निंदनीय है। एक नाबालिग छात्रा के साथ इस तरह की दरिंदगी किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है। संयोजक डॉ. मृत्युंजय सिंह बबलू ने कहा कि सरकार और प्रशासन को चाहिए कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जिला इकाई की ओर से एक प्रतिनिधि मंडल छपरा जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा। जिला से बिहार विधानसभा में प्रतिनिधित्व करनेवाले सभी जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर इस विषय को सरकार तक पहुंचाने की मांग की जाएगी। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग देने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान पूर्व पार्षद रीता सिंह ने कहा कि आज बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। लगातार बढ़ रही अपराध की घटनाएं प्रशासन की विफलता को दर्शाती हैं। यदि जल्द ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षत्रिय समाज सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
युवा वक्ता प्रदेश महासचिव ब्रजेश सिंह राठौर एवं करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सागर सिंह ने कहा कि समाज की बेटियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम सभी युवाओं को एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी होगी। अपराधियों को संरक्षण देनेवालों को भी बेनकाब किया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आनेवाले दिनों में दरभंगा सहित पूरे बिहार में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
अंत में समाज के सभी लोगों से एकजुट रहने और अन्याय के खिलाफ संगठित संघर्ष करने का आह्वान किया गया। बैठक के अंत में मृतका के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में संतोष सिंह, डॉ. केशव सिंह रमन, नवीन सिंह, मनोज कुमार सिंह उप प्रमुख, अमरनाथ सिंह, चुनचुन सिंह, मनोज सिंह, कमल किशोर सिंह, राज़ कुमार सिंह, बंटी सिंह, नवनीत सिंह, उज्ज्वल सिंह एवं सुशील सिंह सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।
