डेस्क: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) 2026 में भारत (India) की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां देशभर में जश्न का माहौल है, वहीं इस जीत को लेकर नेताओं और आम लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सोशल मीडिया पर तेजी से सामने आ रही हैं. इसी क्रम में लखनऊ (Lucknow) उत्तर से भाजपा (BJP) विधायक (MLA) डॉ. नीरज बोरा की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है.
दरअसल, भारत की शानदार जीत के बाद डॉ. बोरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा कि जब मैदान में आदरणीय अमित शाह जी हों, तो बिना खाता खोले भी जीत सकते थे, फिर ये 255 तो आउट ऑफ रीच था ही. विधायक की यह टिप्पणी क्रिकेट प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच तेजी से वायरल होने लगी. कई लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया तो कुछ ने इसे राजनीतिक रंग से भी जोड़कर देखा. देखते ही देखते पोस्ट पर हजारों लाइक और कमेंट आने लगे.
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़
विधायक की इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया यूजर योगेश यादव ने भी मजेदार टिप्पणी की. उन्होंने लिखा सही कह रहे हैं विधायक जी, अमित शाह जी ने ही आक्रामक बल्लेबाजी की, तभी भारत की जीत हुई. इस तरह की प्रतिक्रियाओं ने पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया. कुछ यूजर्स ने इसे हल्के-फुल्के अंदाज में लिया और कहा कि क्रिकेट जीत का जश्न है, इसलिए ऐसे मजाक भी माहौल को खुशनुमा बना देते हैं. वहीं कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक व्यंग्य के रूप में भी देखा.
विधायक डॉ नीरज बोरा के सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीन शॉर्ट
अहमदाबाद में रचा गया इतिहास
दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया जब भारत ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की. रविवार को खेले गए इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए निर्धारित ओवरों में 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. यह स्कोर किसी भी फाइनल मुकाबले के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. भारतीय गेंदबाजों ने सधी हुई लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. परिणाम यह हुआ कि पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रनों की बड़ी जीत दर्ज की.
तीसरी बार चैंपियन बना भारत
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में एक नया कीर्तिमान भी बना दिया. भारत अब इस टूर्नामेंट को तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया है. इतना ही नहीं, टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गई है. इससे पहले किसी भी टीम ने लगातार दो बार यह खिताब अपने नाम नहीं किया था. इसके साथ ही एक और रिकॉर्ड भारत के नाम दर्ज हुआ. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब मेजबान देश ने ही ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. इस उपलब्धि ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है.
हनुमान मंदिर पहुंचे कप्तान और कोच
खिताबी जीत के कुछ ही घंटों बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह अहमदाबाद के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन किए और टीम की ऐतिहासिक जीत के लिए आशीर्वाद लिया. मंदिर में दर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि तीनों ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और ट्रॉफी के साथ भगवान के सामने नमन किया. क्रिकेट प्रशंसकों ने इस दृश्य को भी काफी पसंद किया और इसे भारतीय परंपरा से जोड़कर देखा.
खिलाड़ियों पर बरसी इनामों की बारिश
फाइनल मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता टीमों पर इनामों की भी जमकर बारिश हुई. टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम को 3 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी दी गई, जो भारतीय मुद्रा में करीब 27.50 करोड़ रुपये के बराबर है. वहीं फाइनल में हारने वाली न्यूजीलैंड की टीम को 1.6 मिलियन डॉलर यानी लगभग 14.67 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को भी अच्छी खासी रकम दी गई. इन दोनों टीमों को 0.79 मिलियन डॉलर यानी करीब 7.24 करोड़ रुपये मिले. इसके अलावा पांचवें से बारहवें स्थान तक रहने वाली टीमों को 0.38 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3.48 करोड़ रुपये की राशि दी गई. वहीं 13वें से 20वें स्थान तक रहने वाली टीमों को 0.25 मिलियन डॉलर यानी करीब 2.29 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला.
जश्न में डूबा देश
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला. कई शहरों में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया, पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी. सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है. क्रिकेटर से लेकर फिल्मी सितारे, राजनेता और आम नागरिक हर कोई टीम इंडिया की इस शानदार जीत की सराहना कर रहा है. इसी जश्न के माहौल के बीच लखनऊ के विधायक की टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर हल्की-फुल्की बहस को जन्म दे दिया है. हालांकि कई लोग इसे सिर्फ मजाकिया अंदाज में लिया जा रहा बयान मान रहे हैं, लेकिन यह पोस्ट चर्चा का विषय जरूर बन गई है. फिलहाल एक बात तय है टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत ने देशवासियों को गर्व का एक और मौका दिया है, और क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह पल लंबे समय तक यादगार रहने वाला है.
