डेस्क: नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के इजरायल दौरे के दौरान एक दिलचस्प और प्रतीकात्मक दृश्य देखने को मिला। बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू (Sara Netanyahu) के साथ एयरपोर्ट पर भारतीय प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पहुंचे, जहां सारा भगवा रंग की ड्रेस (saffron colored dress) में नजर आईं।
बताया गया कि स्वागत के दौरान नेतन्याहू ने मुस्कुराते हुए अपनी पत्नी की ड्रेस के रंग की ओर इशारा किया और फिर पीएम मोदी की सदरी के पॉकेट स्क्वायर की ओर ध्यान दिलाया। इस पर प्रधानमंत्री ने भी हंसते हुए कहा कि दोनों का रंग एक जैसा—भगवा—है। यह पल वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
बेन गुरियन एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर तेल अवीव स्थित बेन गुरियन हवाई अड्डा पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें “प्रिय मित्र” बताते हुए इजरायल में स्वागत किया।
यह प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह वर्ष 2017 में ऐतिहासिक दौरे पर यहां आए थे, जिसने दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा दी थी।
नेसेट को संबोधित करेंगे, शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात
यात्रा के दौरान पीएम मोदी और नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय वार्ता के अलावा प्रधानमंत्री का नेसेट को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वह इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे तथा भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर
रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृषि, जल प्रबंधन, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग विस्तार की उम्मीद जताई।
भारत और इजरायल के बीच पिछले कुछ वर्षों में संबंधों में तेज़ी से वृद्धि हुई है, और यह दौरा उसी सहयोग को नई गति देने के रूप में देखा जा रहा है।
