अंतरराष्ट्रीय

अफगानी सेना पाकिस्तान पर करेगी आक्रमण? तालिबान प्रवक्ता ने एयरस्ट्राइक के बदले को लेकर दिया सख्त मैसेज

डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) और अफगानिस्तान (Afghanistan) के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. हाल में ही पाक की ओर से अफ़ग़ान के सीमावर्ती इलाकों (border areas) में जबरदस्त एयरस्ट्राइक (airstrike) की गई थी, जिसमें कई लोगों जान चली गई. इस स्ट्राइक को लेकर काबुल और इस्लामाबाद के बीच खींचतान तेजी से बढ़ रही है. इस्लामाबाद को डर है कि काबूल कभी भी प्रहार करेगा. इन सब के बीच अफगानिस्तान ने साफ़ कर दिया है कि उसका अगला कदम क्या होने जा रहा है.

अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के जवाब में सैन्य प्रतिक्रिया का संकेत दिया है. एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि काबुल इस्लामाबाद के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई करेगा – राजनीतिक या सुरक्षा-सैन्य? तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनकी प्रतिक्रिया “स्वाभाविक रूप से” सैन्य होगी.

मुजाहिद ने यह भी कहा कि इस जवाब की विस्तृत जानकारी गोपनीय रखी जाएगी, लेकिन पाकिस्तान को उसके “शर्मनाक काम” का जवाब जरूर मिलेगा. उनका यह बयान काबुल की ओर से एक कड़े रुख को दर्शाता है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि यह मामला केवल राजनीतिक स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुरक्षा और सैन्य स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी.

पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक को अफगानिस्तान में सुरक्षात्मक और राजनीतिक अस्थिरता को और बढ़ावा देने वाला कदम माना जा रहा है. इस्लामिक अमीरात के अधिकारियों का कहना है कि यह हमला उनके क्षेत्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है, जिसके जवाब में वे मजबूती से खड़े हैं. ज़बीहुल्लाह मुजाहिद के इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंध और अधिक कॉम्पलेक्स हो सकते हैं.

बता दें कि पाक ने 21-22 फरवरी की रात को अफ़ग़ान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों पर हवाई हमले किए, जिसमें क़रीब 19 नागरिक मारे गए. पाक का दावा है कि उसके एयरस्ट्राइक से 70 से अधिक आतंकवादी मारे गए. वहीं, अफ़ग़ान का दावा है कि आम नागरिकों को टार्गेट किया गया.
विशेषज्ञों का मानना है कि इस विवाद के सैन्य पहलुओं पर ध्यान देने से द्विपक्षीय वार्ता और शांति प्रयासों में बाधा आ सकती है. फिलहाल, काबुल और इस्लामाबाद के बीच तनाव के संकेत साफ़ हैं और आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *