खेल

मिचेल स्टार्क के IPL 2027 में खेलने पर सस्पेंस, कहा – अभी तक कुछ पक्का नहीं है

डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग का साल 2027 में 20वां सीजन खेला जाएगा, जिसको लेकर अभी से सभी फ्रेंचाइजियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसमें दिसंबर महीने में होने वाले प्लेयर ऑक्शन को लेकर अभी सबसे ज्यादा नजरें हैं। वहीं इसी बीच वर्ल्ड क्रिकेट के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क का अगले सीजन में खेलने को लेकर बड़ा बयान सामने आया है, जिसको लेकर अब उनके खेलने पर सस्पेंस की स्थिति देखने को मिल रही है। ऑस्ट्रेलियाई टीम का इंटरनेशनल क्रिकेट में अगले कुछ महीने काफी व्यस्त रहने वाले हैं, जिसमें उनको भारत में भी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है ऐसे में स्टार्क अपने वर्कलोड को देखते हुए आईपीएल 2027 में खेलने को लेकर फैसला ले सकते हैं।

मिचेल स्टार्क की गिनती मैच विनर तेज गेंदबाजों में की जाती है, जिसमें उनका जलवा आईपीएल में भी देखने को मिला है। स्टार्क ने हाल में ही कोड स्पोर्ट्स के पॉडकास्ट पर बात करते हुए आईपीएल 2027 सीजन में खेलने को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि मेरे शेड्यूल को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक कुछ तय नहीं हो सका है। बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को अगले साल भारत के दौरे के ठीक बाद 11 मार्च को एशेज सीरीज की 150वीं वर्षगांठ टेस्ट के रूप में खेलना है। इसके बाद स्टार्क आईपीएल में खेलने के लिए आएंगे या नहीं यह उनकी फिटनेस और वर्कलोड पर काफी कुछ निर्भर करने वाला है।

एंड्रयू मैकडोनाल्ड जो ऑस्ट्रेलियाई टीम के हेड कोच की पोजीशन को संभाल रहे हैं उन्होंने इस पूरे मुद्दे को लेकर क्रिकइंफो को दिए अपने बयान में कहा कि मुझे पता है कि लोग IPL और उस समय के बारे में बात करना शुरू कर देंगे। मुझे लगता है कि T20 क्रिकेट के नजरिए से आईपीएल सबसे बेहतरीन टूर्नामेंट है और इसमें हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खेलने से उनके प्रदर्शन में भी फायदा होता है। बस आपको दोनों चीजों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना होगा। आने वाले समय में कई बड़े इंटरनेशनल इवेंट्स हैं जिसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का संभावित फाइनल, विदेश में होने वाली एशेज सीरीज और आगामी वर्ल्ड कप शामिल हैं। ऐसे में हमारे कोचिंग स्टाफ और मेडिकल टीमें लगातार खिलाड़ियों जिसमें खासकर तेज गेंदबाजों के वर्कलोड का आकलन कर रही हैं। लंबे दौरों के दौरान तेज गेंदबाजों की फिटनेस को बनाए रखने के लिए उन्हें आराम देना बहुत जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *