डेस्क:इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से किया गया शर्टलैस प्रदर्शन अभी चर्चा में बना ही हुआ था कि कांग्रेस की ओर से एक और विवाद खड़ा कर दिया गया है। हम आपको बता दें कि अक्सर विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने कहा है कि भारत ने आईटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा प्रतिभाएं तो तैयार कीं, लेकिन देश स्वयं उनका लाभ नहीं उठा सका। इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। हम आपको बता दें कि एक यूट्यूब चैनल को दिए गए साक्षात्कार में सैम पित्रोदा ने कहा कि भारत में युवा प्रतिभा तो बहुत है, लेकिन वह कच्ची है। उन्होंने कहा कि सॉफ्टवेयर उद्योग में भारत ने बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली युवाओं को तैयार किया, परंतु इसका लाभ बहुराष्ट्रीय कंपनियों को मिला। उन्होंने कहा कि हमने बहुत सारा टैलेंट बनाया, लेकिन अंततः इससे दुनिया भर की मल्टीनेशनल कंपनियों को फायदा हुआ। प्रोग्रामिंग, बैंकिंग, कानूनी तंत्र, उद्योग, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स में भारतीय प्रतिभा ने योगदान दिया, पर देश खुद उस स्तर की वैश्विक कंपनी या उत्पाद खड़ा नहीं कर सका।
