मनोरंजन

जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव का पहला पोस्ट, हाथ जोड़कर कहा-आप सभी के प्यार..

डेस्क: कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव इन दिनों सुर्खियों में हैं। हाल ही में वह चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए हैं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पहला पोस्ट शेयर किया है, जो आते ही वायरल हो गया। फैंस उनके इस पोस्ट पर खूब रिएक्ट करते नजर आ रहे हैं।

जेल से बाहर आते ही जताया आभार

राजपाल यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “आप सभी के प्यार और साथ के लिए दिल से धन्यवाद।” इसके साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी लगाई। कैप्शन में भी उन्होंने इसी तरह आभार प्रकट किया। उनकी इस पोस्ट पर फैंस और कई कलाकारों ने प्रतिक्रिया दी।

शादी में शामिल होने के लिए मिली जमानत

बता दें, राजपाल यादव ने 5 फरवरी को कोर्ट के आदेश के बाद सरेंडर किया था और चेक बाउंस केस में वह 11 दिनों तक तिहाड़ जेल में रहे थे। फिलहाल उन्हें अंतरिम जमानत मिली है क्योंकि उनके परिवार में शादी का समारोह है। उनकी भतीजी की शादी के चलते उन्हें राहत दी गई है, ताकि वह पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

डांस वीडियो हुआ वायरल

रिहाई के बाद राजपाल यादव का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा। इस वीडियो में वह अपनी पत्नी के साथ पारंपरिक धोती-कुर्ता पहने शादी समारोह में डांस करते नजर आए थे। उनकी पत्नी भी सिर पर पल्लू लिए खुशी से झूमती दिखीं थी। दोनों का यह वीडियो फैंस को काफी पसंद आया और लोगों ने उनके उत्साह की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *