दरभंगा

बिहार विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा

मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश

23 अक्टूबर को होगा मतदान, मतदान केंद्रों पर दीवार लेखन, वीडियोग्राफी एवं मतपेटिका को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

 

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सभी प्रखंडों में शिविर लगाकर अधिकाधिक लाभुकों एवं कर्मियों का आवेदन जनरेट कराने का निर्देश

 

 

 

 

दरभंगा, 14 अक्टूबर 2026:-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 की तैयारियों तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को दोनों कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के तहत आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

 

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र प्रखंड कार्यालयों में बनाए गए हैं। इसलिए संबंधित पदाधिकारी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

 

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों पर दीवार लेखन कराने तथा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन से संबंधित मतदान केंद्र संख्या स्पष्ट रूप से अंकित कराने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर पहचान एवं आवश्यक सूचना से संबंधित अंकन इस प्रकार किया जाए, जिससे मतदान के दिन मतदाताओं एवं मतदान कार्य में लगे कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

मतदान के दिन मतदान कक्ष में मोबाइल फोन लेकर मतदाता अंदर नहीं जाएंगे। मोबाइल फोन जमा रखने हेतु कर्मी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने मतदान के दिन पूरी मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसके लिए प्रत्येक संबंधित मतदान केंद्र पर वीडियोग्राफर की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

साथ ही मतदान से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रपत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान केंद्र पर ही पूर्ण रूप से भरने और मतदान समाप्ति के बाद मतपेटिका सहित सभी संबंधित सामग्रियों को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को मतदान केंद्र से स्ट्रांग रूम तक का रूट मैप पहले से तैयार कर लेने का निर्देश दिया, ताकि मतदान समाप्ति के बाद मतपेटिका को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों में निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

 

बैठक के दूसरे चरण में जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंडों में शिविर आयोजित कर योजना के तहत पात्र लाभुकों के आवेदन जनरेट कराने की कार्रवाई में तेजी लाई जाए।

 

उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को योजना से जोड़ने तथा आवेदन की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जाए।

 

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जिला एवं प्रखंड स्तर पर कार्यरत सभी कर्मियों का भी योजना के तहत आवेदन जनरेट कराने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने शिक्षा विभाग, कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के कर्मियों को इस अभियान से जोड़ते हुए उनके आवेदन जनरेट कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

 

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी प्रखंडों में शिविरों के आयोजन एवं आवेदन जनरेशन की प्रगति पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जनरेट कराने के लिए सभी संबंधित विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार यादव, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती चांदनी सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए तथा सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *