सीडीपीओ, प्रखंड समन्वयक एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को दिए गए आवश्यक निर्देश
दरभंगा, 14 अक्टूबर 2026:-जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में अम्बेडकर सभागार में समेकित बाल विकास सेवाएँ (ICDS) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), प्रखंड समन्वयक (BC) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं (LS) के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), आभा आईडी (आभा आईडी), टेक होम राशन (टी एच आर) एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर लंबित आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, बच्चों एवं पात्र लाभार्थियों की आभा आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की जाए।
टीएचआर वितरण की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार ससमय पोषाहार उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प के अंतर्गत स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, भवन की स्थिति एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयकों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने, लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें,ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस श्रीमती चांदनी सिंह एवं अन्य प्राधिकारी गण उपस्थित थे।


