दरभंगा

फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें: जिलाधिकारी

 

 

हनुमाननगर प्रखंड कार्यालय में फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा, संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

 

 

दरभंगा, 14 अक्टूबर 2026:-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज हनुमाननगर प्रखंड कार्यालय में फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रखंड क्षेत्र के सभी पात्र किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।

 

उन्होंने इस कार्य में तेजी लाने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने तथा किसानों को फार्मर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि पात्र किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि उन्हें कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

 

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग के अभियंताओं को योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक-से-अधिक पात्र लाभुकों को चिह्नित कर आवेदन कराने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इच्छुक उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दें तथा आवेदन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि अधिकाधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।

 

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ.सिद्धार्थ, अंचलाधिकारी हनुमाननगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, हनुमाननगर,उप परियोजना निदेशक आत्मा मोना ऋचा सहित कृषि एवं विद्युत विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *