डेस्क:दिल्ली से सटे नोएडा के बिसरख क्षेत्र में महाशिवरात्रि के व्रत के दौरान दूषित कुट्टू का आटा खाने से कई सोसायटियों के निवासियों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। इस गंभीर घटना के बाद पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक जनरल स्टोर और एक मसाला गोदाम को सील कर दिया है। पुलिस के अनुसार, रविवार को महाशिवरात्रि के उपवास के दौरान कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने के बाद सुपरटेक ईकोविलेज 3, रॉयल कोर्ट सोसाइटी और हिमालय प्राइड सोसाइटी के निवासियों ने उल्टी, दस्त और घबराहट जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत की। सोमवार को एक निजी अस्पताल से सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दी, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। खाद्य विभाग और बिसरख पुलिस की संयुक्त टीम ने सुपरटेक ईकोविलेज 3, रॉयल कोर्ट सोसाइटी और हिमालय प्राइड सोसाइटी में स्थित दुकानों का निरीक्षण किया और दुकानों से आटे के नमूने एकत्र किए।
