स्थानीय

दरभंगा : अंबेडकर आवासीय विद्यालय के निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

दरभंगा : जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार ने आज बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत मेकना बेदा पंचायत में प्रस्तावित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का स्थल निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ज्ञातव्य है कि उक्त स्थल पर 720 बेड क्षमता का अत्याधुनिक आवासीय विद्यालय निर्माण होना है,जिसमें कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। यह विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा।

 

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने भूमि की मापी की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जमीन की मापी कर ली गई है। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर अग्रसारित करने का निर्देश दिया,ताकि भवन निर्माण कार्य की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि इस आवासीय विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे तथा सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

 

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल सिन्हा, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *