अन्य

PT Usha Husband Death: पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का निधन, घर में अचानक बिगड़ी तबीयत

तिरुवनंतपुरम। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के अचानक निधन हो गया। 67 वर्षीय श्रीनिवासन अपने तिरुवनंतपुरम स्थित आवास पर देर रात बेहोश होकर गिर पड़े थे। परिजनों ने उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय पीटी उषा संसदीय सत्र में शामिल होकर लौट रही थीं और घर पर मौजूद नहीं थीं। पति के अचानक निधन की खबर मिलते ही खेल और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

CISF के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके थे श्रीनिवासन:

वी. श्रीनिवासन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उप अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका जन्म कुट्टिक्काड पोन्नानी के वेंगाली थारवाद में हुआ था। वर्ष 1991 में उन्होंने पीटी उषा से विवाह किया था। दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम उज्ज्वल है।

श्रीनिवासन को पीटी उषा के खेल और सार्वजनिक जीवन में एक मजबूत सहारा माना जाता था। वे हर अहम पड़ाव पर उनके साथ खड़े रहे और कई उपलब्धियों के पीछे प्रेरक शक्ति बने।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई नेताओं और खेल हस्तियों ने पीटी उषा और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। अंतिम संस्कार की जानकारी परिवार द्वारा बाद में साझा की जाएगी।

  • आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *