
दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के परीक्षा अनुभाग द्वारा छात्र – छात्राओं के हित में बड़ा फैसला लेते हुए ऑनलाइन स्टूडेंट ग्रीवांस पोर्टल का शुभारंभ किया गया। कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को परीक्षा नियंत्रक प्रो इंसान अली के नेतृत्व में तैयार किए गए पोर्टल का औपचारिक आरंभ करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। मालूम हो कि इस पोर्टल के द्वारा छात्र परीक्षा विभाग से संबंधित सभी समस्याओं और जानकारी ऑनलाईन माध्यम द्वारा सुलभता से प्राप्त कर सकेंगे। इस पोर्टल के क्रियान्वयन से अकादमिक सत्र 2017 से सत्र 2020 तक के उत्तीर्ण विद्यार्थी अपना मूल प्रमाण – पत्र भी प्राप्त कर सकेंगे। सत्र 2020 से लेकर अद्यतन अकादमिक सत्र की डिग्री जल्द ही पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर परीक्षा नियंत्रक ( सामान्य) डॉ विपुल स्नेही, कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हंसदा और परीक्षा अनुभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।