दरभंगा

राष्ट्रीय बायो श्री एवं एडीपी योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों के बीच निःशुल्क सहायक उपकरण का वितरण

पोलो मैदान इंडोर स्टेडियम,लहेरियासराय में माननीय सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर ने लाभुकों के बीच वितरित किए विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण

 

 

 

दरभंगा, 19 सितंबर 2026:- वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार की राष्ट्रीय बायो श्री योजना एवं एडीपी योजना के अंतर्गत आज पोलो मैदान इंडोर स्टेडियम, लहेरियासराय में निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 

कार्यक्रम में माननीय सांसद, दरभंगा डॉ. गोपाल जी ठाकुर के कर-कमलों से पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए।

 

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इनमें 08 मोटर ट्राईसाइकिल, 04 ब्रेल किट, 04 सीपी चेयर, 36 बैसाखी, 01 वॉकर, 02 रॉलेट, 19 तीन पहिया साइकिल, 12 कान की मशीन, 02 कमोड कुर्सी, 20 घुटने के बेल्ट, 01 स्क्रैल बेल्ट, 12 सिलिकोन कुशन, 01 टेट्रापोड, 02 ट्राइपोड, 12 छड़ी तथा 23 व्हीलचेयर शामिल हैं।

 

इस अवसर पर लाभुकों को संबोधित करते हुए माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित इन योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाना है।

 

उन्होंने कहा कि इन उपकरणों के माध्यम से लाभुकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने, दैनिक गतिविधियों को करने तथा सुनने एवं अन्य आवश्यक कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक वर्ग को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभुकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके आवागमन एवं दैनिक जीवन में सहूलियत प्राप्त होगी। सहायक उपकरणों के वितरण से लाभुकों में प्रसन्नता देखी गई तथा उन्होंने इस सहायता के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर सहायक निदेशक, दिव्यांगजन कोषांग श्री आशीष अमन, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री शशि कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *