दिसंबर में लगातार 18 दिन तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहने का रिकॉर्ड तो बना ही, अब नए साल के पहले ही न्यूनतम तापमान ने तीस वर्षों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
एक जनवरी को 3.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ जो सामान्य से 5.9 डिग्री नीचे रहा। ठंड का यह नया कीर्तिमान है। हालांकि साल के पहले दिन धूप निकलने से अधिकतम तापमान में सुधार रहा। शुक्रवार को भी धूप निकलने के आसार हैं। शनिवार से एक बार फिर तापमान में कमी आने के संकेत मिले हैं। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी और वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने कहा कि उनके विभाग में उपलब्ध जानकारी के अनुसार पिछले तीस वर्षों में न्यूनतम तापमान कभी चार डिग्री से नीचे नहीं गया था।
यह पहली बार है कि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच नब्बे के दशक में दो साल दर्ज किया गया था, जो 4.8 डिग्री था। जबकि हाल के वर्षों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2019 में 5.2 डिग्री सेल्सियस तो 2016 में 5.8 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि शुक्रवार को थोड़ी देर के लिए धूप निकल सकती है। हालांकि इसकी तीव्रता कम रहेगी। जबकि तेज पछुआ हवा चलने से कनकनी जारी रहेगी। न्यूनतम तापमान की यही स्थिति लगातार बनी रहने से जिलेवासियों को पाला का सामना करना पड़ सकता है। वहीं गत 24 घंटों में अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस सुधर कर 18.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से अभी भी 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई। यह सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि दिन में हवा में नमी की मात्रा 90 प्रतिशत से घटकर 70 प्रतिशत पर पहुंच गई। इस कारण कोहरा को थोड़ा कम सामना करना पड़ा
।
